देहरादून,16 फरवरी (आरएनएस)। उपनल को विदेश में रोजगार उपलब्ध करवाने की एजेंसी के तौर पर स्थापित किया जा रहा है। इसमें 50 फीसदी पद पूर्व सैनिकों और शेष पचास फीसदी पदों पर गैर सैनिक पृष्ठभूमि युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। यह जानकारी सोमवार को सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय समीक्षा बैठक में दी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपनल को विदेश मंत्रालय में पंजीकृत करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि उपनल को ओवरसीज आउटसोर्स एजेंसी के तौर पर पंजीकृत किया जा सके। इस दौरान उन्होंने गुनियाल गांव में निर्माणाधीन सैन्य धाम के अंतिम चरण के कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे कर लिए जाएं। जल्द ही सैन्यधाम का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। बैठक में सैनिक कल्याण सचिव दीपेंद्र चौधरी, अपर सचिव श्याम सिंह, उपनल एमडी ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि), उपनिदेशक विंग कमांडर निधि बधानी (सेनि) आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

