चमोली,18 फरवरी (आरएनएस)। टीएचडीसी की 444 मेगावॉट विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की तीन किलोमीटर लंबी टेल रेस टनल (टीआरटी) को सफलता पूर्वक आर-पार कर दिया गया है। टलन के सफलता पूर्वक ब्रेकथ्रू से टीएचडीसी के अधिकारियों व कर्मचारियों में खुशी की लहर है। टीएचडीसी की ओर से निर्माणाधीन विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। परियोजना में विद्युत उत्पादन के बाद पानी का नदी में दोबारा प्रवाह करने के लिए करीब 3.1 किमी लंबी और 9.2 मीटर व्यास की टेल रेस टनल बनाई जा रही है। मंगलवार को इस टनल पर खोदाई का काम सफलतापूर्वक पूरा कर दिया गया है। परियोजना प्रमुख अजय वर्मा ने बताया कि टीआरटी का यह ब्रेकथ्रू अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा, खोदाई के दौरान कई जगह पर भारी जल रिसाव, कीचड़ का प्रवाह जैसी जटिल समस्याएं आई। एक फेस पर बार-बार कैविटी सक्रिय होने और तीव्र जल प्रवाह से खोदाई कार्य अस्थायी रूप से रोकना भी पड़ा। कमजोर और जल प्रवाह वाले चट्टानी क्षेत्र को सुरक्षित पार करने के लिए पाइप रुफिंग, ग्राउटिंग, शॉटक्रीटिंग, प्रोब ड्रिलिंग और मल्टी ड्रिलिंग जैसी उन्नत स्थिरीकरण तकनीकों का वैज्ञानिक तरीके से प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि लगातार निगरानी और तकनीकी दक्षता से अंतिम संवेदनशील खंड को स्थिर कर ऐतिहासिक ब्रेकथ्रू किया गया। कहा कि यह सफलता हमारे अभियंताओं व कर्मियों की प्रतिबद्धता, तकनीकी दक्षता और टीम भावना का परिणाम है। इस दौरान महाप्रबंधक (टीआरपी/पीएच/टीबीएम) केपी सिंह, महाप्रबंधक (ईएम) आरएस राणा, अपर महापबंधक (पीएच) एसपी डोभाल, संजय ममगांई सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

