अल्मोड़ा,19 फरवरी (आरएनएस)। धारानौला क्षेत्र में घर से भटकी एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को अल्मोड़ा पुलिस ने सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाकर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। पुलिस की इस तत्परता पर महिला के परिजनों ने आभार व्यक्त किया है। मामला बीते मंगलवार रात का है, जब धारानौला बाजार में एक महिला के अकेले भटकने की सूचना पार्षद अमित साह (मोनू) ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही धारानौला चौकी प्रभारी आनंद बल्लभ कश्मीरा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ महिला कांस्टेबल पल्लवी चौधरी और महिला होमगार्ड ओसीन भी मौजूद रहीं। पुलिस टीम ने महिला को भरोसे में लेकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की और रात में ही उसे वन स्टॉप सेंटर भेजकर सुरक्षित ठहराव की व्यवस्था कराई। इसके बाद महिला की पहचान और परिजनों की जानकारी जुटाने के लिए आसपास के लोगों और अन्य माध्यमों से लगातार प्रयास किए गए। जांच के दौरान पता चला कि महिला हंसा देवी धौलछीना क्षेत्र की निवासी है। इसके बाद गुरुवार को पुलिस और वन स्टॉप सेंटर की टीम ने महिला को धौलछीना ले जाकर सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

