हरिद्वार,19 फरवरी (आरएनएस)। उत्तराखंड विवि कर्मचारी महासंघ का द्विवार्षिक प्रदेश सम्मेलन 22 फरवरी को हरिद्वार के गुरुकुल परिसर में आयोजित होगा। सम्मेलन में राज्य के 11 राजकीय विश्वविद्यालयों, केंद्रीय विश्वविद्यालय श्रीनगर और गुरुकुल कांगड़ी विवि के कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल होंगे। महासंघ के अध्यक्ष भूपाल सिंह करायत और महामंत्री प्रशांत मेहता ने बताया कि संगठन राज्य के सभी राजकीय विश्वविद्यालयों के अतिरिक्त केंद्रीय विश्वविद्यालय और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कर्मचारी संगठनों को समाहित करता है। कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए संगठन विश्वविद्यालय प्रशासन, राज्य सरकार, केंद्र सरकार तथा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग स्तर पर लगातार प्रयास करता रहा है। पदाधिकारियों के अनुसार प्रत्येक दो वर्ष में आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय सम्मेलन के प्रथम सत्र में उच्च शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाता है। इस वर्ष का मुख्य विषय “भारतीय उच्च शिक्षा प्रणाली में संस्थागत स्वायत्तता” रहेगा, जिस पर विभिन्न विश्वविद्यालयों से आए प्रतिनिधि अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत करेंगे। सम्मेलन में आयोजक विश्वविद्यालय के कुलपति अरुण कुमार त्रिपाठी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। मुख्य संयोजक चंद्रमोहन पैन्यूली और कार्यक्रम संयोजक खीमानंद भट्ट ने बताया कि सम्मेलन में राज्यभर से लगभग 300 कर्मचारी भाग लेंगे। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

