हल्द्वानी,19 फरवरी (आरएनएस)। मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल में बंद एचआईवी संक्रमित युवक की डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के मुताबिक वनभूलपुरा का रहने वाला 30 साल का युवक लंबे समय से एचआईवी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। अप्रैल 2025 में वनभूलपुरा पुलिस ने युवक को मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में पकड़ा और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा था। पुलिस के मुताबिक युवक नशे का आदी था और नशे के इंजेक्शन उपयोग करता था। इस कारण वह एचआईवी संक्रमित हो गया। जेल में तबीयत बिगडऩे से उसे 12 फरवरी को नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया था। बुधवार देर रात युवक ने दम तोड़ दिया। एसएचओ विजय मेहता ने बताया कि कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

