बलौदाबाजार,१९ फरवरी (आरएनएस)। ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के एसडीओ को ए सी बी की टीम ने रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। एसडीओ निर्माण कार्य के भुगतान के एवज में रिश्वत ले रहा था।
एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी फागु राम सेन, निवासी ग्राम भवानीपुर, जिला बलौदाबाजार द्वारा एन्टी करप्शन रायपुर में शिकायत की गई थी कि वह ग्राम पंचायत भवानीपुर में उप सरपंच है। उनके ग्राम पंचायत भवानीपुर में हाईस्कूल मैदान के समतलीकरण कार्य हेतु शासन से १० लाख रूपये स्वीकृत हुआ था। कार्य पूर्ण होने के बाद कार्यालय एसडीओ (आरईएस) जनपद पंचायत पलारी में बिल भुगतान लंबित था, जिसका गोपाल कृष्ण शर्मा, एसडीओ के द्वारा मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार किया गया था, जिस पर प्रार्थी फागुराम ने गोपाल कृष्ण शर्मा, एसडीओ से मुलाकात करने पर उनके द्वारा राशि भुगतान हेतु फाईल आगे कार्यालय जिला खनिज संस्थान न्यास,बलौदाबाजार-भाटापारा भेजने के एवज में ८० हज़ार रूपये रिश्वत की मांग की गई थी, जिसमें से १५,००० रूपये एडवांस के रूप में ले लिया गया था।
प्रार्थी ने रिश्वत देने की बजाय आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाने की मंशा से एसीबी में शिकायत की। जिसके सत्यापन के बाद आज ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी फागु राम सेन से गोपाल कृष्ण शर्मा, एसडीओ को दूसरी किश्त राशि २५ हज़ार रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा ७ पीसीएक्ट १९८८ (संशोधित अधिनियम २०१८) के प्रावधानों के तहत अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
००

