रायपुर, 19 फरवरी 2026 (आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी नॉर्थ जोन के तहत थाना उरला क्षेत्र में एक बड़ी लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। 18 फरवरी की शाम करीब 7:40 बजे कर्मा चौक स्थित संगीता पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल सवार दो युवक पेट्रोल भरवाने पहुंचे। पेट्रोल डाले जाने के दौरान पीछे बैठा युवक नीचे उतरा और सिगरेट जलाने के लिए लाइटर निकाल लिया।
पेट्रोल पंप कर्मचारी ने उसे सख्ती से मना किया, लेकिन युवक ने चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए जलते लाइटर को मोटरसाइकिल की टंकी के पास ले जाकर आग लगा दी। देखते ही देखते मोटरसाइकिल की टंकी और पेट्रोल मशीन के नोजल में आग भड़क उठी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पेट्रोल पंप कर्मी की सूझबूझ और तत्परता से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया।
घटना की रिपोर्ट पर थाना उरला में अपराध क्रमांक 53/26 के तहत धारा 326(छ), 287 और 125 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी उरला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान धर्मेन्द्र सिंह क्षत्रिय और ईमरान कुरैशी के रूप में की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लाइटर जब्त कर लिया है। धर्मेन्द्र सिंह क्षत्रिय, पिता सुदामा सिंह क्षत्रिय, उम्र 21 वर्ष, निवासी रावा मंदिर तुलसी च्वाइस सेंटर के पास बीरगांव और ईमरान कुरैशी, पिता इस्ताज कुरैशी, उम्र 21 वर्ष, निवासी मकान नंबर 205 एएचपी कॉलोनी उरला, थाना उरला रायपुर को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल पंप जैसे संवेदनशील स्थानों पर लापरवाही या शरारत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।