रायपुर, 19 फरवरी 2026(आरएनएस) शहर के आमापारा इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक खुलेआम हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने लगा। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी वेस्ट जोन के निर्देशन में थाना आजाद चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घटना कारी गार्डन के पास की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 18 फरवरी को गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि एक युवक चाकू लहराकर राहगीरों को आतंकित कर रहा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी को काबू में किया। पूछताछ में उसकी पहचान आर्यन साहनी पिता स्वर्गीय विजय साहनी, उम्र 23 वर्ष, निवासी ठाकुर देव मंदिर के पास जोरापारा, थाना मौदहापारा रायपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक नग धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने तत्काल जब्त कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक की हरकत से इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रित हो गई।
आरोपी के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 41/26 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराकर कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।