कोंडागाँव,19 फरवरी (आरएनएस)। कोतवाली थाना अंतर्गत आलबेडा फॉरेस्ट कॉलोनी इलाके में गुरुवार की देर शाम शिक्षक अजय मरकाम के घर पर रखी स्कूटी में स्पार्क होने से घर में अचानक आग लग गई, और देखते ही देखते घर का पार्किंग एरिया और लिविंग रूम जलकर खाक हो गया। इसके साथ ही स्कूटी और एक बाइक सहित अन्य समान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना दमकल को दी लेकिन दमकल मौके पर पहुंचती इससे पहले ही लोगों ने पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पा लिया था। जानकारी के मुताबिक स्कूटी खराब होने की वजह से गुरुवार की शाम ही मरम्मत करवा कर लाए थे स्कूटी गर्म थी और शायद यही वजह रही कि आग लग गई।
घटना के वक्त परिवार था भीतर-
घटना के वक्त शिक्षक दंपति घर के अंदर ही था और वह आग की वजह से बाहर नहीं निकल पा रहे थे। जैसे- तैसे लोगों ने रेत और पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया और शिक्षक दंपति परिवार सहित बाहर आ पाए अजय मरकाम के मुताबिक तकरीबन तीन से चार लाख रुपए के सामान जलकर खाक हो गए हैं।
०००

