रायपुर 20 फरवरी 2026 (आरएनएस) राजधानी में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ नगर निगम ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री विश्वदीप के निर्देश पर जोन 9 की टीम ने वार्ड 8 अंतर्गत सड्डू क्षेत्र में लगभग 6 एकड़ निजी भूमि पर चल रही अवैध प्लाटिंग पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलवा दिया। मौके पर अवैध रूप से बनाई गई सड़क को जेसीबी से काटकर पूरी तरह बाधित कर दिया गया और खड़ी की गई बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया गया, जिससे प्लाटिंग का खेल तुरंत ठप हो गया।
कार्रवाई के दौरान जोन 9 जोन कमिश्नर श्री अंशुल शर्मा सीनियर के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता श्री शरद ध्रुव, सहायक अभियंता श्री सैयद जोहेब और उपअभियंता श्री आशुतोष पाण्डेय सहित नगर निवेश विभाग की टीम मौजूद रही। टीम ने मौके का मुआयना कर पाया कि बिना वैधानिक अनुमति के भूखंडों का विभाजन कर सड़क निर्माण कराया जा रहा था। जैसे ही मशीनें गरजीं, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अवैध प्लाटिंग से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि बिना अनुमति भूमि विकास, अवैध कॉलोनाइजेशन और नियमों को ताक पर रखकर प्लाट बेचने की कोशिश करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी प्लॉट की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य करें, अन्यथा आर्थिक नुकसान की पूरी जिम्मेदारी स्वयं की होगी। राजधानी में अब अवैध प्लाटिंग पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति लागू कर दी गई है।

