रायपुर 20 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी के व्यस्ततम मार्गों में शुमार शंकर नगर मुख्य मार्ग से खम्हारडीह होते हुए अवन्ति विहार मुख्य मार्ग तक शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने बड़ा अभियान चलाकर सड़क को अतिक्रमण से मुक्त करा दिया। रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर जोन 3 नगर निवेश विभाग की टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे कब्जा कर व्यवसाय कर रहे 11 अवैध ठेलों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे मार्ग पर यातायात सुचारू और व्यवस्थित नजर आया, जिससे आम नागरिकों ने राहत की सांस ली।
जोन 3 जोन कमिश्नर प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता नरेश साहू और उपअभियंता अक्षय भारद्वाज की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले समझाइश दी, लेकिन मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति को देखते हुए नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की गई और ठेलों को जब्त कर लिया गया। लंबे समय से इस मार्ग पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बन रही थी, जिससे स्कूली बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और स्थानीय रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, निगम अधिकारियों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनहित में सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, इसलिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। कार्रवाई के बाद सड़क खुली और व्यवस्थित दिखी तो स्थानीय नागरिकों ने निगम की इस पहल की सराहना की।

