रायपुर 20 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी के ट्रांसपोर्ट नगर रावांभाठा में खड़े ट्रक से टूल्स और गैस चूल्हा चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोच लिया। रायपुर पुलिस के नॉर्थ जोन की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौसाद नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो जैक, एक रॉड, व्हील पाना और गैस चूल्हा सहित लगभग 8 हजार रुपये का चोरी का सामान जब्त किया है। साथ ही घटना में उपयोग किए गए ऑटो क्रमांक CG04 LK 7275, जिसकी कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई जा रही है, को भी जप्त कर लिया गया है।
मामला थाना खमतराई क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी आनंद कुमार सहाय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका ट्रक क्रमांक CG 04 HV 3497 18 फरवरी की रात ट्रांसपोर्ट नगर में खड़ा था। सुबह ड्राइवर के पहुंचने पर ट्रक में रखे टूल्स और गैस चूल्हा गायब मिले। रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 113/2026 धारा 305 (बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिली कि एक ऑटो में दो व्यक्ति चोरी का सामान बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर ऑटो को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पीछे बैठे नौसाद को मौके पर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपने साथी परवेज आलम के साथ मिलकर मध्यरात्रि में चोरी करना कबूल किया, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार आरोपी परवेज आलम की तलाश जारी है।

