रायपुर 20 फरवरी 2026(आरएनएस) लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ नॉर्थ जोन पुलिस ने गुरुवार को बड़ा विशेष अभियान चलाकर 58 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। रायपुर पुलिस के नॉर्थ जोन में पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देश पर यह सघन कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में थाना खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पण्डरी और खम्हारडीह क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त कर वारंटियों की धरपकड़ की गई, अभियान के दौरान थाना खमतराई से 16 स्थायी और 9 गिरफ्तारी वारंट, उरला से 2 स्थायी और 9 गिरफ्तारी वारंट, गुढ़ियारी से 3 स्थायी और 3 गिरफ्तारी वारंट, पण्डरी से 1 स्थायी और 4 गिरफ्तारी वारंट तथा खम्हारडीह से 1 स्थायी और 8 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। कुल मिलाकर 24 स्थायी वारंट और 34 गिरफ्तारी वारंट की तामीली कर 58 वारंटियों को जेल भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए वारंटी चोरी, लूट, मारपीट, नारकोटिक्स एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट सहित विभिन्न गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार थे। विशेष अभियान के तहत टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

