रायपुर 20 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर रेंज में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने 20 फरवरी 2026 को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में रायपुर (ग्रामीण), महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी और बलौदाबाजार जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। समीक्षा के दौरान लंबित अपराधों, चिटफंड प्रकरणों और साइबर अपराधों की विस्तार से पड़ताल की गई तथा नए कानूनों के तहत दर्ज मामलों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर समयसीमा में निराकरण के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
आईजी ने थानों में जब्त वाहनों के शीघ्र निराकरण, राजसात और नीलामी की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया। गोवंश तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई, अंतर्राज्यीय सीमाओं पर सतत निगरानी और चेकिंग अभियान को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए एनडीपीएस एक्ट, पीआईटी एनडीपीएस और सफेमा के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेंज स्तर पर चलाए जा रहे विशेष अभियानों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, बैठक में स्कूलों के आसपास बच्चों की सुरक्षा, किशोर अपराधों की रोकथाम और नशे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर भी जोर दिया गया। आगामी होली और रमजान जैसे त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील स्थानों की पहचान कर लगातार पेट्रोलिंग, चेकिंग और बदमाशों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आईजी ने कहा कि गुंडा-बदमाशों पर कड़ी नजर रखते हुए संभावित चाकूबाजी और अड़बाजी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए मालवाहक वाहनों में यात्री परिवहन, शराब पीकर वाहन चलाने और अवैध पार्किंग के खिलाफ सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी विधानसभा बजट सत्र के दौरान पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। समीक्षा बैठक में स्पष्ट संकेत दिए गए कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी और रेंज में अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

