०अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में कुल 415744 पंजीकृत मतदाता
कोण्डागांव,21 फरवरी (आरएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार जिला-कोण्डागांव (छ.ग.) में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 27 अक्टूबर 2025 से शुरू किया गया। चार महीने तक लगातार चले इस अभियान के विभिन्न चरणों के प्रभावी संचालन के बाद आज 21-02-2026 को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया गया है। इस संबंध में जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नुपूर राशि पन्ना द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की जानकारी दी गई। बैठक में बताया गया कि निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद जिले में कुल 415744 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदाता सूची के प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशन के बाद 4145 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने या मतदाता सूची से अपना नाम हटवाने से संबंधित दावे और आपत्तियां 23-12-2025 से 22-01-2026 के बीच प्रस्तुत किए गए थे। प्राप्त दावे/आपत्तियों का निराकरण दिनांक 14 फरवरी 2026 तक किया गया। 622 बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए और मतदाताओं के मिलान एवं मैपिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से प्राप्त नवीनतम फोटोग्राफ भी अंतिम मतदाता सूची में प्रकाशित की गई है। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के अवसर पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जिले के सभी नागरिकों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बूथ लेवल एजेंटों और बीएलओ के प्रति इस अभियान में अभूतपूर्व सहयोग देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी चित्रकांत चाली ठाकुर, तहसीलदार मनोज रावटे सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
०००

