रायपुर 21 फरवरी 2026(आरएनएस) होली पर्व को देखते हुए शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर कमिश्नरेट के पश्चिम जोन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर असामाजिक तत्वों, गुंडा बदमाशों और चाकूबाजों की लगातार चेकिंग की जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इसी अभियान के दौरान थाना डी.डी. नगर क्षेत्र अंतर्गत शीतला मंदिर के पीछे, पुराना चंगोराभाठा इलाके में एक युवक द्वारा तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना पुलिस को मिली। बताया गया कि आरोपी गली में खुलेआम लोहे की कट्टानुमा तलवार लहराकर राहगीरों में दहशत फैला रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही युवक को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हरीश कहार (29 वर्ष), निवासी पुराना चंगोराभाठा बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से लगभग 20.5 इंच लंबी पुरानी लोहे की कट्टानुमा तलवार बरामद की गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई शुरू कर दी है।
होली से पहले इस तरह की सख्त कार्रवाई से साफ संकेत मिल गया है कि त्योहार की आड़ में दहशत फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पश्चिम जोन पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होती नजर आ रही है।

