दुर्ग, 21 फरवरी (आरएनएस)जिले की सुपेला थाना पुलिस ने किसी और के खाते का सायबर ठगी की रकम प्राप्त करने किया इस्तेमाल करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा बैंक खाता एवं सिम कार्ड का दुरुपयोग कर साइबर ठगी की राशि प्राप्त करने का प्रयास किया था।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी हैप्पी सिंह, उम्र 34 वर्ष, निवासी सड़क 01 क्वार्टर 10/डी, जोन-03 खुर्शीपार भिलाई द्वारा थाना सुपेला में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका खाता छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, भिलाई-03 में ऑनलाइन खोला गया था। मोबाइल बैंकिंग सेवा प्रारंभ कराने में तकनीकी समस्या आने पर उसने परिचित आशीष कुमार, निवासी शिवाजी नगर खुर्शीपार भिलाई से संपर्क किया।दिनांक 20.01.2026 को प्रार्थी द्वारा अपना सिम कार्ड एवं बैंक खाता संबंधी जानकारी आरोपी को आकाश गंगा, सुपेला में दी गई। इसके पश्चात आरोपी द्वारा संपर्क बंद कर दिया गया। जानकारी प्राप्त हुई कि प्रार्थी के बैंक खाते एवं सिम कार्ड को साइबर ठगी की राशि प्राप्त करने हेतु अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 318(4), 317(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान एक अन्य आरोपी की संलिप्तता पाए जाने पर उसे भी प्रकरण में शामिल किया गया। विशेष टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों आरोपियों आशीष कुमार खुर्सीपर भिलाई और सुरजा सोनी छावनी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से प्रकरण से संबंधित मोबाइल फोन,बैंक खाता एवं सिम कार्ड से संबंधित दस्तावेज जब्त किया है। और आरोपियों को
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को बैंक खाता, ओटीपी, सिम कार्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। मोबाइल बैंकिंग अथवा साइबर संबंधी समस्या होने पर सीधे संबंधित बैंक या आधिकारिक हेल्पलाइन से संपर्क करें। साइबर धोखाधड़ी के मामलों में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
000

