रायपुर 21 फरवरी (आरएनएस) रायपुर में स्वच्छता को लेकर सख्ती लगातार बढ़ती जा रही है। रायपुर नगर पालिक निगम के आयुक्त विश्वदीप के आदेश पर नगर निगम जोन 10 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रिंग रोड स्थित एक रेस्टोरेंट और बार में औचक निरीक्षण कर गंदगी और नाली जाम मिलने पर 6000 रुपये का ई-जुर्माना ठोक दिया। कार्रवाई से व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मच गया।
नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही और जोन 10 जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में जोन स्वास्थ्य अधिकारी अमित बेहरा, वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक अनिल झा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। यह निरीक्षण जनशिकायत के आधार पर किया गया था, जिसमें रेस्टोरेंट-बार द्वारा नाली जाम कर गंदगी फैलाने की शिकायत की गई थी।
स्थल पर पहुंची टीम ने जब जांच की तो शिकायत सही पाई गई। परिसर में गंदगी और नाली अवरुद्ध होने की स्थिति सामने आई, जिससे आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता प्रभावित हो रही थी। अधिकारियों ने मौके पर ही रेस्टोरेंट संचालक को फटकार लगाते हुए तत्काल 6000 रुपये का ई-जुर्माना लगाया और नाली की सफाई सुनिश्चित कराई।


