रायपुर 21 फरवरी 2026 (आरएनएस) राजधानी रायपुर में सक्रिय तीन विधि के साथ संघर्षरत बालकों ने कम उम्र में ही ऐसा चोरी नेटवर्क खड़ा कर लिया था, जो शहर से निकलकर दो अन्य जिलों तक फैल गया। बाइक चोरी से शुरुआत कर सूने मकानों तक वारदातों को अंजाम देने वाले इस नाबालिग गिरोह का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। खुलासे के बाद सामने आया कि इन्होंने रायपुर, गरियाबंद और दुर्ग में कुल 5 वारदातों को अंजाम दिया।
घटनाओं की शुरुआत 16-17 फरवरी की रात से हुई। लोधीपारा जय हिंद चौक निवासी प्रार्थी रंजीत कुमार की मोटरसाइकिल CG 04 QK 8768 थाना पंडरी क्षेत्र से चोरी हो गई। वहीं महावीर नगर निवासी प्रार्थी रामेश्वर प्रसाद यादव की बाइक CG 04 LW 5825 थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र से पार कर दी गई। दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। डीसीपी क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और संबंधित थानों की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर सक्रिय किए और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर संदिग्धों तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान एक नाबालिग संदिग्ध पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी की वारदातें करना कबूल किया। इसके बाद दोनों अन्य बालकों को भी हिरासत में लिया गया। खुलासा हुआ कि चोरी की गई बाइकें केवल घूमने के लिए नहीं, बल्कि आगे की चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जा रही थीं।
पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्होंने थाना पाण्डुका जिला गरियाबंद क्षेत्र में प्रार्थी नेमूराम साहू के सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी की। इसी क्षेत्र में एसबीआई एटीएम के सामने से प्रार्थी ध्रुवेश चक्रधारी की मोटरसाइकिल CG 23 N 6437 भी उड़ा दी। वहीं थाना पाटन जिला दुर्ग के ग्राम अखरा में प्रार्थिया देवकी ग्रासिया के सूने मकान को निशाना बनाकर जेवरात और नगदी पार कर दी। इस तरह तीन जिलों में पांच वारदातों को अंजाम देकर यह नाबालिग गिरोह पुलिस के लिए चुनौती बन गया था।
पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर चोरी की तीनों मोटरसाइकिलें और करीब 2,50,000 रुपये कीमत के चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 42/26 धारा 303(2) बीएनएस, थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 79/26 धारा 303(2) बीएनएस, थाना पाण्डुका जिला गरियाबंद में अपराध क्रमांक 14/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस एवं अपराध क्रमांक 17/26 धारा 303(2) बीएनएस तथा थाना पाटन जिला दुर्ग में अपराध क्रमांक 65/26 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत मामले दर्ज हैं।
कम उम्र लेकिन संगठित अंदाज में वारदात… इस पूरे घटनाक्रम ने किशोर अपराध की बढ़ती प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की त्वरित और समन्वित कार्रवाई से तीन जिलों में फैले इस चोरी गैंग का भंडाफोड़ कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

