दुर्ग,21 फरवरी (आरएनएस)। दुर्ग जिले की सुपेला थाना पुलिस ने सट्टा-पट्टी लिखते तीन आरोपियो को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपई मछली मार्केट लक्ष्मी नगर क्षेत्र में संगठित रूप से अवैध जुआ का संचालन कर रहे थे। मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 एवं बीएनएस के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 21.02.2026 को थाना सुपेला पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मछली मार्केट लक्ष्मी नगर क्षेत्र में कुछ व्यक्ति अवैध रूप से रूपये-पैसे का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिख रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई एवं घेराबंदी कर तीन व्यक्तियों को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रवि साहनी, कोमल सिंह एवं अमित कुमार गुप्ता बताया। आरोपियों के कब्जे से सट्टा-पट्टी, 02 नग मोबाइल फोन एवं नगदी रकम ?5,790 रुपये जप्त की गई है। उक्त कृत्य के संबंध में थाना सुपेला में धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 एवं धारा 112 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध जुआ एवं सट्टा जैसी गतिविधियों से दूर रहें। ऐसे कृत्य कानूनन दंडनीय अपराध हैं। किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या कंट्रोल रूम को दें। दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
000

