0-दोनों टीमों को मिले एक-एक पॉइंट
नईदिल्ली,22 फरवरी। टी-20 विश्व कप 2026 में शनिवार को ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम और पाकिस्तान क्रिकेट टीम के बीच खेला जाने वाला सुपर-8 का पहला मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया। ऐसे में दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में निर्धारित इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन बारिश के कारण मैच शुरू ही नहीं हो पाया।
पाकिस्तान कप्तान आघा सलमान ने शाम 6:30 बजे हुआ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उसके बाद लगातार आई तेज बारिश आने के कारण मैच में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। बिगड़ते हालातों को देखते हुए रात करीब 09:07 बजे मैच रेफरी रिची रिचर्डसन ने मैच रद्द घोषित कर दिया गया। इससे पहले 5 ओवर के मैच का कट-ऑफ टाइम भारतीय समयानुसार रात 10:16 बजे निर्धारित किया गया था।
इस मैच में रद्द होने से दोनों टीमों को 1-1 अंक तो मिल गया है, लेकिन अब दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल की राह चुनौतीपूर्ण हो गई है। उनके ग्रुप में इंग्लैंड और श्रीलंका 2 अन्य टीमें है। इन दोनों टीमों के खिलाफ उनके मैच अहम हो जाएंगे। अगर, दोनों टीमें अपने दोनों मुकाबले जीतती हैं, तो दोनों के 5-5 अंक हो जाएंगे। ऐसे में दोनों की स्थिति समान होगी। हालांकि, एक हार की स्थित में परिदृश्य बदल सकते हैं।
००

