रायपुर 22 फरवरी 2026(आरएनएस) छत्तीसगढ़ राज्य के प्रणेता और प्रथम दृष्टा के रूप में सम्मानित डॉ. खूबचंद बघेल की पुण्यतिथि पर राजधानी रायपुर श्रद्धा और सम्मान से सराबोर नजर आई। जी.ई. मार्ग स्थित नवीन मार्केट परिसर के फूल चौक के समीप स्थापित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने नेताओं, जनप्रतिनिधियों और आमजनों का तांता लग गया। माहौल ऐसा था मानो पूरा शहर अपने महान सपूत को याद करने उमड़ पड़ा हो।
कार्यक्रम का आयोजन रायपुर नगर पालिक निगम के संस्कृति विभाग द्वारा जोन 4 के सहयोग से किया गया। श्रद्धांजलि समारोह में प्रमुख रूप से किरण सिंहदेव और सुनील सोनी ने पहुंचकर डॉ. बघेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उनके छत्तीसगढ़ निर्माण के स्वप्न को याद किया। दोनों नेताओं ने कहा कि डॉ. बघेल का योगदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आज भी प्रदेश की आत्मा में जीवंत है।
इस अवसर पर संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी और राजस्व विभाग अध्यक्ष अवतार भारती बागल सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। श्रद्धा-सुमन अर्पित करते हुए उपस्थित जनसमूह ने छत्तीसगढ़ महतारी के इस सपूत के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी दोहराया।
प्रतिमा स्थल पर गूंजते श्रद्धा के स्वर और उमड़ती भीड़ यह संदेश दे रही थी कि डॉ. खूबचंद बघेल केवल एक नाम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, स्वाभिमान और राज्य निर्माण की नींव हैं, जिन्हें प्रदेश कभी भुला नहीं सकता।

