रायपुर 22 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी के मौदहापारा सन्डे बाजार में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ‘टीम प्रहरी’ ने सड़क पर कब्जा जमाकर कारोबार कर रहे फेरीवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी। बार-बार समझाइश के बावजूद मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण नहीं हटाने पर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब 10 टेबल, पलंग और अन्य सामान जब्त कर लिया। कार्रवाई होते ही बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई फेरीवाले आनन-फानन में अपना सामान समेटते नजर आए।
यह पूरी कार्रवाई रायपुर पुलिस के पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देश पर, साथ ही नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप तथा यातायात एसपी अजय कुमार के मार्गदर्शन में की गई। नगर निगम जोन 2, नगर निवेश विभाग, यातायात पुलिस, मौदहापारा थाना बल और उड़नदस्ता टीम ने संयुक्त रूप से बाजार क्षेत्र में मोर्चा संभाला।
अधिकारियों ने पहले फेरीवालों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि सड़क पर कब्जा कर दुकान सजाने से यातायात जाम की गंभीर समस्या पैदा हो रही है और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। टीम ने जनहित में मार्ग को सुगम और सुव्यवस्थित रखने की अपील की, लेकिन जब कुछ लोगों ने समझाइश को नजरअंदाज किया, तो कार्रवाई का डंडा चला और सामान जब्त कर लिया गया।
लगातार चल रहे इस अतिक्रमण विरोधी अभियान का असर भी तुरंत दिखाई दिया। मौदहापारा सन्डे बाजार का मुख्य मार्ग, जो हर सप्ताह जाम की समस्या से जूझता था, कार्रवाई के बाद काफी हद तक खुला और यातायात सामान्य हो गया। आमजनों ने राहत की सांस ली, वहीं प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि नियम तोड़ने वालों पर आगे भी ऐसी ही सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


