रायपुर 22 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी के उरला थाना क्षेत्र स्थित कर्मा चौक के संगीता पेट्रोल पंप में हुई एक खतरनाक घटना को कर्मचारियों की सूझबूझ और साहस ने बड़ी दुर्घटना में बदलने से बचा लिया। 18 फरवरी 2026 को मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने पेट्रोल भरवाने के दौरान लाइटर से बाइक की पेट्रोल टंकी में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पेट्रोल मशीन के नोजल को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई और किसी बड़े विस्फोट की आशंका गहरा गई।
इस भयावह स्थिति में पेट्रोल पंप के कर्मचारी चुड़ामणी देवांगन और जितेन्द्र गिरी गोस्वामी ने अदम्य साहस का परिचय दिया। बिना समय गंवाए चुड़ामणी देवांगन ने फायर एक्सटिंग्यूशर उठाकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की, जबकि जितेन्द्र गिरी ने उनका पूरा सहयोग किया। दोनों की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से आग फैलने से पहले ही बुझा दी गई। उनकी सतर्कता के कारण न केवल पेट्रोल पंप को बड़े नुकसान से बचाया जा सका, बल्कि आसपास मौजूद लोगों की जान भी सुरक्षित रही।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी दोनों कर्मचारियों की सराहना की। डॉ. संजीव शुक्ला ने उनके साहसिक और कर्तव्यनिष्ठ कार्य की प्रशंसा करते हुए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। कमिश्नर ने कहा कि आपात परिस्थितियों में इस तरह की त्वरित प्रतिक्रिया ही बड़े हादसों को टाल सकती है।
दोनों कर्मचारियों के इस अनुकरणीय कार्य की शहर भर में सराहना हो रही है। उनकी बहादुरी ने यह साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में धैर्य और साहस ही सबसे बड़ी ताकत होते हैं।

