देहरादून,22 फरवरी (आरएनएस)। हनुमान चौक के पास सब्जी मंडी स्थित एक दुकान पर अंडे के रेट को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने और सोने की चेन व नकदी लूटने का आरोप लगाया है। कोतवाली नगर पुलिस ने दोनों ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिवांगी विहार, जोगीवाला निवासी जितेंद्र गुलाटी का आरोप है कि वह अपने बेटे अर्नव के साथ बीस जनवरी की रात जायसवाल ट्रेडर्स पर अंडे लेने गए थे। रेट लिस्ट से ज्यादा पैसे मांगने का विरोध करने पर दुकानदार अनिल जायसवाल, उनके बेटों और स्टाफ ने उन्हें बाहर खींचकर बुरी तरह पीटा। आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनकी सोने की चेन व जेब से 20-25 हजार रुपये का कलेक्शन लूट लिया। दूसरी ओर से आर्यनगर निवासी सिद्धांत जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 फरवरी की रात करीब 8 बजे वह अपनी दुकान पर थे। तभी सोनू गुलाटी, मोहित व कुछ अज्ञात लोगों ने दुकान में घुसकर उन्हें बाहर घसीटा और लात-घूंसों से पीटा। आरोप है कि सिर पर भारी वस्तु से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया। हमलावरों ने उनकी सोने की चेन लूट ली, मोबाइल तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी। शहर कोतवाल हरिओम राज चौहान ने बताया कि शिकायत पर शनिवार को दोनों पक्षों की तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

