अल्मोड़ा,22 फरवरी (आरएनएस)। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और कुशलक्षेम जानने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन भल छौ’ के तहत कोतवाली चौखुटिया पुलिस ने क्षेत्र में अकेले रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान पुलिस ने उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निवास कर रहे एकल बुजुर्गों का विवरण संकलित करने और समय-समय पर उनसे संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चौखुटिया अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान उन्हें बीट अधिकारी और कोतवाली के संपर्क नंबरों के साथ ही आपातकालीन हेल्पलाइन 112 की जानकारी दी गई। पुलिस ने बुजुर्गों से कहा कि स्वास्थ्य या किसी अन्य प्रकार की समस्या होने पर वे तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके। अपने घर पर पुलिस को देख और सहयोग का भरोसा मिलने पर बुजुर्गों ने खुशी जताई और पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

