रुद्रपुर,22 फरवरी (आरएनएस)। थाना बहेड़ी यूपी क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-74 सितारगंज-किच्छा मार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक समेत फरार हो गया। बहेड़ी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह तीन बाइकों पर सवार छह लोग उत्तमनगर (किच्छा) स्थित फार्म में पॉपुलर की पौध लगाने जा रहे थे। सिरसा मोड़ के पास लोगों द्वारा तोड़कर बनाए गए अवैध कट से मुड़ते समय सितारगंज की ओर से आ रहे कैंटर के नीचे आने से 55 वर्षीय सुशांत गाईन निवासी शक्तिफार्म की कुचलकर मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे नांटू मजूमदार ने बताया कि वह सिरसा मोड़ पर बाइक से उतर गए थे। सूचना पर पहुंची यूपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के अनुसार, सुशांत मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, बेटा और बहू हैं। हादसे की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सिरसा चौकी इंचार्ज मनोज उपाध्याय ने बताया कि तहरीर मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।

