रुद्रपुर,22 फरवरी (आरएनएस)। विधायक शिव अरोरा अपने पीए के साथ कथित अभद्रता के मामले में नाराज नजर आए। उन्होंने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ शिष्ट व्यवहार करने की नसीहत दी। इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते हुए कहते दिखाई दे रहे हैं कि जब विधायक के पीए के साथ इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है तो आम नागरिकों को कितना दौड़ाया जाता होगा। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले विधायक के पीए किसी कार्य से ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक महिला कांस्टेबल से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि महिला कांस्टेबल ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक थाने पहुंचे थे। महिला कांस्टेबल द्वारा माफी मांगने के बाद मामले का पटाक्षेप हो गया था। हालांकि, थाने के अंदर पुलिसकर्मियों को फटकार लगाते विधायक का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

