रुद्रपुर,22 फरवरी (आरएनएस)। प्राथमिक विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास योजना के अंतर्गत छह राजकीय प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत के लिए 58 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रविवार को विधायक तिलकराज बेहड़ ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि उनके प्रयासों से विद्यालय भवनों की मरम्मत एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए यह धनराशि मंजूर हुई है। स्वीकृत धनराशि से विद्यालयों में मरम्मत, रंग-रोगन, छत की मरम्मत, फर्श निर्माण, शौचालय सुधार सहित अन्य आवश्यक कार्य कराए जाएंगे। इनमें ?9.72 लाख रुपये राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौराडाम, ?9.77 लाख राजकीय प्राथमिक विद्यालय छिनकी, 9.77 लाख राजकीय प्राथमिक विद्यालय दरऊ द्वितीय, ?9.77 लाख राजकीय प्राथमिक विद्यालय वार्ड 10, 9.74 लाख राजकीय प्राथमिक विद्यालय बिड़ोरा,? 9.67 लाख रुपये राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौराडाम प्रथम को आवंटित किए गए हैं। बेहड़ ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन कार्यों के पूर्ण होने से छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और अभिभावकों का भी सरकारी विद्यालयों के प्रति विश्वास बढ़ेगा।

