रायपुर , 23 फरवरी (आरएनएस)। रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। सत्र की शुरुआत राज्यपाल रमेन डेका के अभिभाषण से होगी। इसके बाद वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन में आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 पेश करेंगे।
20 मार्च तक चलने वाले इस बजट सत्र में कुल 15 बैठकें प्रस्तावित हैं। सत्र के लिए विधायकों ने कुल 2813 प्रश्न लगाए हैं। इसके अलावा 61 ध्यानाकर्षण सूचनाएं, नियम 139 के तहत 1 सूचना, 13 अशासकीय संकल्प, शून्यकाल के 9 विषय और 112 याचिकाएं भी शामिल हैं।
सत्र के कार्यक्रम के अनुसार 25 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी। वहीं 9 से 17 मार्च तक विभागवार अनुदान मांगों पर विस्तृत चर्चा होगी। 17 मार्च को विनियोग विधेयक पर विचार किया जाएगा।
इस बार का बजट सत्र कई महत्वपूर्ण मुद्दों और विधायी कार्यों के चलते खास माना जा रहा है, जिस पर प्रदेश की नजर बनी हुई है।
०००

