मेरठ 23 फरवरी (आरएनएस)। सोमवार को यूपी बोर्ड की दसवीं की अंग्रेजी की परीक्षा में रेलवे रोड थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल में दूसरे छात्र के स्थान पर परीक्षा दे रहे मुन्ना भाई को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को पुलिस के सुपुर्द करते हुए केंद्र व्यवस्थापिका द्वारा उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रेलवे रोड थाना क्षेत्र के श्री महावीर शिक्षा सदन इंटर कॉलेज में परतापुर के काशी गांव स्थित जहांआरा मेमोरियल पब्लिक इंटर कॉलेज का दसवीं का बोर्ड सेंटर है। केंद्र व्यवस्थापिका संतोष कुमारी के मुताबिक सोमवार को सुबह की पाली में दसवीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। इस दौरान जहांआरा मेमोरियल इंटर कॉलेज का छात्र एहतेशाम मलिक विलंब से पहुंचा। इसके बावजूद छात्र के भविष्य को देखते हुए उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश दे दिया गया।
इसी दौरान जब कक्ष निरीक्षक धीरज शर्मा और निरक्षिका जीवन तोमर ने एहतेशाम के रोल नंबर और अन्य कागजात की जांच की तो मामला संदिग्ध लगा। पूछताछ करने पर छात्र ने अपना असली नाम रेहान पुत्र शाहिद बताया। रेहान ने बताया कि वह एहतेशाम के स्थान पर परीक्षा देने आया था। रेहान के पास से एक फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किया गया। इसके बाद रेहान को रेलवे रोड पुलिस के सुपुर्द करते हुए केंद्र व्यवस्थापिका ने मुकदमा दर्ज कराया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

