—- रियल पैराडाइज एकडमी के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम मे नौनिहालों ने बिखरे नमस्ते प्रतिभाओं का जलवा।
कुशीनगर, 23 फरवरी (आरएनएस)। जनपद के पडरौना नगर स्थित रियल पैराडाइज एकडमी स्कूल का वार्षिकोत्सव उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व केन्द्रीय राज्य मंत्री व राज्यसभा सांसद आरपीएन सिह सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई, जिसने पूरे सभागार को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। इसके बाद नौनिहालों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने शिक्षा का महत्व, शिक्षा का अधिकार, माता-पिता और गुरुजनों के प्रति दायित्व, राष्ट्रभक्ति जैसे गंभीर विषयों पर प्रभावशाली नाट्य मंचन प्रस्तुत किए, जिन्हें खूब सराहा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने का स्थान नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रयोगशाला है। यहां तैयार होने वाले विद्यार्थी ही आने वाले दिनो में भारत की दिशा और दशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि आज का दौर प्रतिस्पर्धा का है, लेकिन केवल अंकों की दौड़ में शामिल होना ही सफलता नहीं है, बल्कि संस्कार, अनुशासन और चरित्र ही व्यक्ति को असली पहचान दिलाते हैं। मुख्य वक्ता व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. रामजियावन मौर्य ने कहा कि विद्यालय संस्कारों का वह मंदिर है। जहां से यह बच्चे निकलकर शिक्षक, इंजीनियर, उच्चाधिकारी और सफल राजनेता बनते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरुओं और माता-पिता का सम्मान करने की सीख देते हुए कहा कि यही सम्मान उन्हें जीवन में उच्च शिखर तक पहुंचाएगा। विशिष्ट अतिथि के रूप मे सदर विधायक पडरौना मनीष जायसवाल, खड्डा विधायक विवेकानंद पाण्डेय, हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रधानाचार्य शैलेंद्र शुक्ल सहित अन्य अतिथियों ने बच्चो के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि लगन, मेहनत और अनुशासन सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता पाण्डेय व प्रबंधक डॉ. नीरन पाण्डेय ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन ने शिक्षा के साथ संस्कार और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त संदेश दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

