लखनऊ 23 फरवरी (आरएनएस )। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के उत्तरी जोन अंतर्गत मडिय़ांव थाना क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर ताला और खिड़की तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर नकबजनों को अपराध शाखा और थाना मडिय़ांव की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 18 लाख रुपये मूल्य के आभूषण, करीब 100 ग्राम पीली धातु तथा लगभग एक किलोग्राम सफेद धातु के जेवरात, दो मोबाइल फोन, 8,800 रुपये नगद और चोरी में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार मडिय़ांव क्षेत्र में बीते दिनों बंद मकानों में ताला व खिड़की तोड़कर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। 7 दिसंबर 2025 को प्रीतिनगर अन्ना मार्केट निवासी एक वादी ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने की सूचना दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसी क्रम में 16 फरवरी 2026 को एक अन्य पीडि़ता ने घर की खिड़की और लॉकर तोड़कर जेवरात व नकदी चोरी किए जाने की तहरीर दी। दोनों घटनाओं के अनावरण के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।23 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर मडिय़ांव पुल के नीचे से लाल रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल सहित दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम सोनू वर्मा उर्फ बोगा और सुन्दर लाल गुप्ता बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से भारी मात्रा में जेवरात बरामद हुए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद आभूषणों के संबंध में जनपद के विभिन्न थानों में पूर्व से अभियोग पंजीकृत हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में वृद्धि करते हुए वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज कर दिया गया है। एक अन्य वांछित अभियुक्त की तलाश जारी है।पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे बंद पड़े मकानों की पहले रेकी करते थे और यह सुनिश्चित करते थे कि घर के सदस्य बाहर गए हों। इसके बाद रात या सुनसान समय में ताला या खिड़की तोड़कर घर में प्रवेश कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान स्थानीय सर्राफा बाजार में बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे और व्यक्तिगत खर्च तथा शौक पूरे करने में इस्तेमाल करते थे।पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास रहा है और पूर्व में भी चोरी, शस्त्र अधिनियम तथा गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी की कार्रवाई विधिक प्रावधानों का पालन करते हुए की गई और दोनों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। अन्य थानों और जनपदों से भी इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस ने तीन मुकदमों का सफल अनावरण करते हुए नागरिकों से अपील की है कि घर को लंबे समय तक बंद छोडऩे की स्थिति में पड़ोसियों और स्थानीय पुलिस को सूचित करें तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

