सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी 23 फरवरी (आरएनएस)। एक आवारा सांड के आतंक से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। रविवार शाम को सांड के हमले में एक किसान की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए। रात भर उत्पात मचाने के बाद सोमवार सुबह यह सांड पंजरौली नहर पुल पर मृत पाया गया। जानकारी के अनुसार, रविवार रात शहरी गांव में सांड ने खेत की रखवाली कर रहे किसान रमजान अली और उनके बेटे शब्बू पर हमला कर दिया। सांड के पटकने से रमजान अली को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। उनके बेटे शब्बू का इलाज चल रहा है।इस घटना के बाद सांड पास के गांव पंजरौली पहुंचा, जहां उसने एक ग्रामीण की गाय पर हमला कर उसे मार डाला। इस गाय की कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है। पंजरौली गांव में ही सोमवार सुबह करीब 6 बजे शौच के लिए निकले किसान केशव राम प्रजापति पर भी सांड ने हमला किया। केशव राम किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे, लेकिन उन्हें भी चोटें आईं। हाता पुरवा मजरे पंजरौली निवासी रामतेज पुत्र भगवती प्रसाद के घर के बाहर बंधे जानवरों पर भी सांड ने हमला किया, जिसमें रामतेज को हल्की चोटें आईं।सोमवार सुबह पंजरौली नहर पुल पर सांड मृत अवस्था में मिला।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांड सुबह पुल पर पहुंचा और अचानक गिरकर मर गया। ग्रामीणों का अनुमान है कि सांड पागल हो गया था।स्थानीय ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से आवारा जानवरों से निजात दिलाने की मांग की है। किसानों राहुल और मिराज ने बताया कि आवारा जानवर अब तक खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे, लेकिन अब इनसे इंसानों की जान भी जाने लगी है। उन्होंने इन जानवरों के प्रबंधन के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।सोमवार को सिरौलीगौसपुर के पशु उप चिकित्साधिकारी डॉक्टर गया प्रसाद व सहायक विकास अधिकारी पंचायत मनोज मिश्रा शहरी गांव के घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर पंचायत सचिव तेजभान और पशु विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

