रायपुर (ग्रामीण), 23 फरवरी 2026 (आरएनएस) होली पर्व से पहले रायपुर ग्रामीण पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 6 असामाजिक तत्वों को जेल भेजा गया, 5 माह से फरार चल रहे 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, 7 वारंटियों को दबोचकर जेल दाखिल किया गया, वहीं 13 सक्रिय चाकूबाजों सहित 3 अन्य आपराधिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।


इसी क्रम में थाना तिल्दा-नेवरा के अपराध क्रमांक 554/2026 से जुड़े एक पुराने मामले में बड़ी सफलता मिली। वर्ष 2025 में गणेश विसर्जन के दौरान घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दर्ज प्रकरण में 5 माह से फरार चल रहे विवेक वर्मा और योगेश सेन को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर धर दबोचा। दोनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाना बदल रहे थे। विधिसम्मत कार्रवाई के बाद उन्हें भी न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
माननीय न्यायालय द्वारा जारी स्थायी और गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए चलाए गए विशेष अभियान में 7 वारंटियों को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल दाखिल कर दिया गया।
वहीं थाना धरसींवा क्षेत्र में सक्रिय 13 चाकूबाजों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की गई। इन सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। थाना विधानसभा क्षेत्र में भी 3 आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।


