रायपुर, 23 फरवरी 2026 (आरएनएस )रायपुर नगर पालिक निगम के जोन 8 में जल विभाग की कार्यप्रणाली और गर्मी में पेयजल आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए आज विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। निगम जल विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू ने बैठक में जोन अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, पार्षद संदीप साहू, भगतराम हरबंश, डॉ मनमोहन मनहरे, अमन सिंह ठाकुर, अर्जुन यादव, महेन्द्र औसर, कार्यपालन अभियंता जल नर सिँग फरेन्द्र, सहायक अभियंता अनुराग पाटकर सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।
अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि जोन 8 में ग्रीष्मकाल के दौरान चलने वाले पेयजल टैंकरों की पूरी जानकारी वार्ड पार्षदों के साथ साझा की जाए और संबंधित स्थानों का सत्यापन उनके माध्यम से कराया जाए। नल कनेक्शन के स्थानों का सत्यापन भी वार्ड पार्षदों से कराना अनिवार्य किया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टेल एंड क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि किसी क्षेत्र में पेयजल की कमी न हो।
बैठक में नवीन बोर खनन के लिए चयनित स्थानों का भी पारदर्शी सत्यापन वार्ड पार्षदों के साथ कराना और सुनिश्चित करना कि इससे क्षेत्र के अन्य पेयजल स्रोतों पर कोई विपरीत असर न पड़े। इसके अलावा, जोन के जल विभाग में पंप, पैनल बॉक्स, रोल पाइप, हैंडपंप और पानी की टंकियों जैसी सामग्री पर्याप्त मात्रा में रखने के निर्देश दिए गए।
जल विभाग अध्यक्ष ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल में संकटग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण कर पर्याप्त पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूर्व तैयारी और तुरंत कार्रवाई की जाए। इस बैठक से यह संदेश गया कि नगर निगम जल विभाग गर्मी में भी नागरिकों को निर्बाध और पर्याप्त पेयजल प्रदान करने के लिए पूरी तरह सजग है।

