सिद्धौर, बाराबंकी 23 फरवरी (आरएनएस)। अपनी मांगों के समर्थन में भाकियू टिकैत गुट के कार्यकर्ता सोमवार को असंद्रा थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। शाम को क्षेत्राधिकारी रामसनेहीघाट जटाशंकर मिश्र के आश्वासन पर कार्यकर्ताओं ने अपना धरना स्थगित कर दिया। अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार सुबह संगठन के ब्लाक अध्यक्ष राम मदन रावत के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता असंद्रा थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोग समस्याओं के निस्तारण की मांग कर रहे थे। ब्लाक अध्यक्ष राम मदन रावत ने बताया कि सुखलाल पुरवा गांव निवासी श्रवण कुमार यादव को कुछ लोगों ने मारा पीटा था, जिसकी शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने मुकदमा नहीं दर्ज किया। कई माह पूर्व जरौली गांव निवासी संतोष तिवारी के साथ भी मारपीट की गई थी जिसका मुकदमा भी आज तक दर्ज नहीं हुआ। इन्हीं सब समस्याओं को लेकर बीते 13 फरवरी को 5 सूत्री ज्ञापन दिया गया था। जिसमें 22 फरवरी तक समस्याओं का समाधान न होने पर 23 फरवरी को थाना घेराव की बात कही गई थी। हालांकि पुलिस ने रात में श्रवण कुमार यादव की तहरीर पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया था लेकिन अन्य समस्याओं का निस्तारण नहीं किया। इसी के विरोध में धरना दिया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी ने भाकियू प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की और शेष मामलों की जांच कराने और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सीओ जटाशंकर मिश्र ने भी भाकियू ब्लाक अध्यक्ष से फोन पर बात कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने अपना धरना खत्म कर दिया। इस दौरान हरीराम पाल, सतीश वर्मा, प्रीतम वर्मा, मुन्नालाल, माता फेर यादव, राजबक्स पाल, संतोष सिंह, अशोक सिंह, प्रवेश यादव, महेंद्र सिंह, राम तीरथ वर्मा, वीरेंद्र तिवारी और बैजनाथ पाल समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

