नईदिल्ली,23 फरवरी (आरएनएस)। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी इस महीने के अंत में भारत दौरे पर रहेंगे। वे 3 देशों के हिंद-प्रशांत दौरे के तहत ऑस्ट्रेलिया और जापान भी जाएंगे। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसकी जानकारी दी है। जस्टिन ट्रूडो के कार्यकाल में भारत-कनाडा में तनाव और फिलहाल जारी वैश्विक व्यापार और आर्थिक अनिश्चितता के बीच कार्नी की ये पहली भारत यात्रा होगी। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
आधिकारिक बयान के अनुसार, कार्नी 26 फरवरी से 7 मार्च तक भारत, ऑस्ट्रेलिया और जापान का दौरा करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में व्यापार, निवेश और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है। कार्नी अपने भारत दौरे की शुरुआत मुंबई से करेंगे और फिर दिल्ली जाएंगे, जहां वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री कार्नी और मोदी के बीच इससे पहले जी7 और जी20 शिखर सम्मेलनों के दौरान 2 बार मुलाकात हो चुकी है।
कनाडाई प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि दोनों नेता कनाडा-भारत के रिश्ते को बेहतर बनाने और बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे, जिसमें व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, संस्कृति और रक्षा में बड़ी नई साझेदारी शामिल होंगी। कार्नी कनाडा में निवेश के अवसरों का पता लगाने और दोनों देशों की कंपनियों के बीच साझेदारी को प्रोत्साहित करने के लिए भारतीय व्यापारिक नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे ऑस्ट्रेलिया और जापान का दौरा करेंगे।
००

