० एसपी धमतरी के निर्देश पर दो थानों की संयुक्त टीम द्वारा जंगल क्षेत्र में दबिश,भारी मात्रा में सामग्री जब्त एवं 1000 लीटर महुआ लाहन नष्ट
० अवैध गतिविधियों पर धमतरी पुलिस की सतत निगरानी, संलिप्त व्यक्तियों की पतासाजी जारी
धमतरी, 23 फरवरी (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब निर्माण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गंगरेल बांध के सामने स्थित ठेमली टापू के समीप एक अन्य टापू में कच्ची महुआ शराब निर्माण किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। जिसकी सूचना मिलते ही एसपी धमतरी के निर्देशन में धमतरी पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए थाना रूद्री, थाना केरेगांव की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस टीम द्वारा ठेमली आईलैंड के जंगल क्षेत्र में सघन तलाशी लेने पर अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई।
जप्त सामग्री का विवरण
200 लीटर क्षमता के नीले/काले प्लास्टिक ड्रम – 05 नग
छोटे प्लास्टिक ड्रम – 03 नग
जर्मन गंजी – 06 नग
स्टील गंजी – 05 नग
लोहे के चूल्हे – 04 नग
घमेला – 06 नग
इसके अतिरिक्त 05 बड़े ड्रमों में भरा हुआ लगभग 200-200 लीटर महुआ लाहन (कुल 1000 लीटर) मौके पर पाया गया, जिसे विधिवत कार्यवाही करते हुए मौके पर ही नष्ट किया गया। समस्त सामग्री को पंचनामा कार्यवाही कर विधिवत जप्त किया गया। कार्यवाही के दौरान मौके पर कोई व्यक्ति उपस्थित नहीं मिला। आसपास के ग्रामों में जाकर पूछताछ की गई, किन्तु किसी ने उक्त गतिविधि के संबंध में जानकारी होने से इंकार किया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है एवं जिसमें संलिप्त व्यक्तियों की लगातार पतासाजी की जा रही है,मिलने पर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।
०

