ऋषिकेश 23 फरवरी (आरएनएस)। आईडीपीएल इंटर कॉलेज में राज्य स्तरीय वेटर्न फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन हुआ। जिसमें 40 प्लस आयु वर्ग में उत्तराखंड एफसी और 60 प्लस आयु वर्ग में कोट ब्लॉक पौड़ी की टीम चैंपियन बनी। सोमवार को आईडीपीएल इंटर कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय वेटर्न फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ राज्यमंत्री गिरीश डोभाल ने किया। उन्होंने कहा कि खेल के प्रति रुझान और शरीर को फिजिकल फिट रखने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है, जो सराहनीय है। प्रतियोगिता में 40 प्लस आयु वर्ग की 12 टीमें यूके मास्टर, शिवालिक एफसी, गोरखा यूनाइटेड, पहाड़ी ब्यॉज, हिमालयन ए, उत्तराखंड एफसी, आरवीएफसी, ऋषिकेश यूनाइटेड, हिमालयन बी, मॉर्निंग स्टार, महेंद्रा ब्यायज, सॉकर पैंथर और 60 प्लस आयु वर्ग की चार टीमें यूके मास्टर, येलो, यूके मास्टर ब्लू, कोट ब्लॉक पौड़ी ने शिरकत की। 40 प्लस आयु वर्ग का फाइनल मुकाबला उत्तराखंड एफसी और मॉनिंग स्टार के बीच खेला गया। जिसमें उत्तराखंड एफसी ने 5-4 से मुकाबला जीता। वहीं 60 प्लस आयु वर्ग के फाइनल में कोट ब्लॉक पौड़ी की टीम ने यूके मास्टर ब्लू को 5-4 से हराया। समापन अवसर पर विजेता टीमों को 10,000 रुपये का इनाम और उपविजेता टीमों को 5100 रुपये का पुरस्कार दिया गया। मौके पर प्रधानाचार्य राजीव लोचन, कारगिल शहीद मनीष थापा के बड़े भाई मनोज थापा, को-ऑर्डिनेटर सुदेश शर्मा, आरबी थापा, विजय शर्मा, अरविन्द भंडारी, त्रिलोक नाथ गुप्ता, निर्णायक मंडल में विनय रावत, अमित पंवार आदि उपस्थित रहे।

