रुद्रपुर,24 फरवरी (आरएनएस)। मेले के दौरान एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। युवक की तहरीर पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शांति विहार निवासी चमन कुमार पुत्र जगदीश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 16 फरवरी की रात करीब 10 बजे संजय नगर खेड़ा स्थित शिव मंदिर मेले में गया था। आरोप है कि वहां कन्हैया, केसू, राज, शंकर और सुमित नामक युवकों ने उसे घेर लिया और बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों, बेल्ट, पत्थर और कड़े से बेरहमी से मारपीट की। हमले में वह बेहोश हो गया। उसके दोस्तों ने उसे मौके से उठाकर घर पहुंचाया। पीडि़त का आरोप है कि हमलावरों ने उसे और उसके छोटे भाई विशाल को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही लगातार मोबाइल फोन पर कॉल कर धमकाया जा रहा है। थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

