रुद्रपुर,24 फरवरी (आरएनएस)। विदेश में काम दिलाने के नाम पर 5.37 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने फ्लाइंग लीडर ओवरसीज नामक इमीग्रेशन ऑफिस के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम बगुलिया, झनकईया निवासी प्रताप विश्वास ने सोमवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ग्राम गोठा निवासी घनश्याम राव ने उसकी मुलाकात फ्लाइंग लीडर ओवरसीज के संचालक मो. शमी निवासी सरकड़ा से कराई थी। आरोप है कि मो. शमी ने जुलाई 2024 से नवंबर 2024 के बीच विदेश में नौकरी दिलाने और वर्क वीजा बनवाने के नाम पर 16 लाख रुपये में सौदा तय किया। समझौते के तहत तीन माह में वीजा न मिलने पर एक लाख रुपये में से 20 प्रतिशत फाइल चार्ज काटकर शेष राशि लौटाने की बात कही गई थी। पीडि़त का आरोप है कि आरोपी अब तक उससे 5.37 लाख रुपये ले चुका है, लेकिन वर्क वीजा नहीं मिला। समय सीमा बीतने के बाद भी आरोपी रकम लौटाने में टालमटोल कर रहा है। सरकड़ा चौकी इंचार्ज पंकज कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

