रायपुर 24 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर नगर पालिक निगम के जोन 4 राजस्व विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीरत मैदान की लंबित बकाया राशि को लेकर लगातार की जा रही पत्राचार, संपर्क और राजस्व वसूली की कार्रवाई के बाद जामा मस्जिद प्रबंधन ने 5,15,911 रुपये की पूरी बकाया राशि का भुगतान धनादेश के माध्यम से कर दिया है।
नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश तथा अपर आयुक्त (राजस्व) कृष्णा खटीक, उपायुक्त (राजस्व) जागृति साहू और जोन 4 जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सहायक राजस्व अधिकारी अमरनाथ साहू के नेतृत्व में जोन 4 की राजस्व टीम ने निरंतर प्रयास करते हुए बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित की।
बताया जा रहा है कि सीरत मैदान से संबंधित राजस्व राशि लंबे समय से लंबित थी। निगम प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्ष से लगातार संपर्क बनाए रखा, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए और अंततः पूरी राशि का भुगतान कर दिया गया।


