प्रयागराज 24 फरवरी (आरएनएस)। साइबर अपराधियों ने महिला एक महंत के नाम से क्यूआर कोड भेजकर ठग लिया। इससे परेशान पीडि़ता प्रियंका ने कोतवाली थाने में मोबाइल और खाता नंबर के आधार पर आइटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज मुहल्ले में रहने वाली प्रियंका मिश्रा का कहना है कि कुछ दिन पहले उनके वाट्सएप पर अनजान नंबर से मैसेज आया। संदेश के साथ मां तुलसी पीठ श्रीधाम वृंदावन के हेड आफिस तुलसी महाराज के नाम से क्यूआर कोड भी भेजा गया। इसमें पूजा के नाम पर आनलाइन पैसा मांगा गया था।
प्रियंका पहले से तुलसी महाराज को जानती थीं और मुलाकात भी हुई थी। लिहाजा उन्होंने क्यूआर कोड स्कैन करके पहली बार में 70 और दूसरी बार में 90 हजार रुपये का आनलाइन पेमेंट कर दिया। जब उन्होंने तुलसी महाराज से बातचीत को पता चला कि उनकी तरफ से कोई भी क्यूआर कोड नहीं भेजा गया। मगर तब तक उनके अकाउंट से पैसा ट्रांसफर हो चुका था।
आनलाइन ठगी का पता चलने पर महिला परेशान हो गईं और फिर उन्होंने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। बैंक से उस खाते का नंबर मिला, जिसमें पैसा ट्रांसफर हुआ था। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर साइबर सेल की मदद से विवेचना की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

