रायपुर 24 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर कमिश्नरेट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एण्टी क्राईम एण्ड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में राजस्थान से जुड़े एक अंतर्राज्यीय आरोपी को एमडी ड्रग्स और डोडा के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत का मादक पदार्थ और इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किया है।
24 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र के शहीद राजीव पाण्डेय नगर स्थित एक खाली मैदान के पास एक युवक मादक पदार्थ लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (वेस्ट जोन) संदीप पटेल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विकास सिहार, पिता कृष्णराम सिहार, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम जाम्बा थाना जाम्बा जिला फलौद राजस्थान (हाल पता काशीराम नगर गार्डन के पास, थाना तेलीबांधा रायपुर) बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 08 ग्राम एमडी ड्रग्स, 531 ग्राम डोडा फल और 16 ग्राम डोडा पावडर बरामद हुआ। साथ ही 1600 रुपये नगद, एक आईफोन और एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह मादक पदार्थ राजस्थान से लेकर आया था और यहां खपाने की तैयारी में था। पुलिस अब मामले में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि सप्लाई चेन से जुड़े अन्य तस्करों तक पहुंचा जा सके,आरोपी के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 88/26 के तहत नारकोटिक एक्ट की धारा 21बी और 15 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया है।

