रायपुर 24 फरवरी 2026(आरएनएस) राजधानी में खेल और उत्साह का माहौल उस समय चरम पर पहुंच गया, जब रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने खुद बल्ला थामकर मेयर कप क्रिकेट स्पर्धा का विधिवत शुभारंभ किया। नेताजी सुभाषचन्द्र बोस स्टेडियम में आयोजित इस स्पर्धा का आयोजन नगर निगम के खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में किया जा रहा है। उद्घाटन अवसर पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी और आयुक्त विश्वदीप ने भी बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

मेयर कप की खास बात यह है कि प्रत्येक टीम में दो महिला खिलाड़ी और दो प्लेसमेंट कर्मचारी अनिवार्य रूप से शामिल होंगे। इतना ही नहीं, हर मैच की पहली गेंद महिला खिलाड़ी द्वारा डाली जाएगी और पहली गेंद महिला खिलाड़ी ही खेलेंगी। नियमित अधिकारी-कर्मचारी और वार्ड पार्षद जनप्रतिनिधि भी टीम का हिस्सा हैं, जिससे यह प्रतियोगिता खेल के साथ-साथ सहभागिता और समावेशन का भी संदेश दे रही है।
उद्घाटन मैच जोन 7 और जोन 10 के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जोन 10 ने निर्धारित 10 ओवरों में 139 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। जोन 10 के बल्लेबाज नकुल ने शानदार शतक जड़ते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया। हालांकि जवाब में उतरी जोन 7 की टीम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया। जोन 7 के खिलाड़ी गोपाल ने महज 22 गेंदों में 68 रन की विस्फोटक पारी खेली और मैन ऑफ द मैच बने।
प्रतियोगिता का रोमांच 25 फरवरी को भी जारी रहेगा, जब जोन 3 और जोन 2 के बीच एक मुकाबला तथा जोन 6 और जोन 9 के बीच दूसरा मैच खेला जाएगा। ये मैच क्रमशः शाम 6 बजे और रात 8 बजे से शुरू होंगे। सभी मुकाबले 10-10 ओवरों के सीमित प्रारूप में खेले जा रहे हैं। 26 और 27 फरवरी को क्वार्टर फाइनल के दो-दो मैच, 28 फरवरी को सेमीफाइनल और 1 मार्च को ग्रैंड फिनाले खेला जाएगा।
उद्घाटन समारोह में खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग अध्यक्ष नंदकिशोर साहू, वित्त विभाग अध्यक्ष महेंद्र खोडियार, नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग अध्यक्ष मनोज वर्मा, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, राजस्व विभाग अध्यक्ष अवतार भारती बागल, जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू, पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग अध्यक्ष भोलाराम साहू, लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल सहित विभिन्न जोनों के अध्यक्ष, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्रिकेटप्रेमी मौजूद रहे।
मेयर कप क्रिकेट स्पर्धा ने नगर निगम परिवार और शहरवासियों के बीच खेल भावना, एकजुटता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश देते हुए राजधानी में खेल का नया उत्साह भर दिया है।

