रायपुर 25 फरवरी 2026(आरएनएस) जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में रायपुर नगर निगम क्षेत्र में संचालित “वाटर फॉर ऑल” अभियान को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। अभियान के तहत शहर के सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों में आम नागरिकों को बिना किसी शुल्क के स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन द्वारा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। संबंधित अधिकारियों की टीमों द्वारा स्थलीय निरीक्षण, “वाटर फॉर ऑल” स्टीकर की जांच तथा प्रतिष्ठानों से शपथ पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया लगातार जारी है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक प्रतिष्ठान में अभियान का स्टीकर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो और ग्राहकों को निःशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।
सघन निगरानी और सतत कार्रवाई के परिणामस्वरूप अब नगर निगम क्षेत्र के अधिकांश होटल एवं रेस्टोरेंट्स में ग्राहकों को सहज रूप से मुफ्त पेयजल मिल रहा है। इस जनहितकारी पहल से नागरिकों को विशेष राहत मिली है और अभियान को सकारात्मक प्रतिसाद प्राप्त हो रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि “वाटर फॉर ऑल” अभियान की निगरानी आगे भी निरंतर जारी रहेगी। किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

