नईदिल्ली,26 फरवरी। न्यूजीलैंड ने कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ टी-20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मैच में 168/7 का स्कोर बनाया। एक समय कीवी टीम ने 84 रन तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद कप्तान मिचेल सैंटनर (47) और कोल मैककॉन्ची (31) ने उम्दा पारी खेलते हुए रिकॉर्ड साझेदारी की। दरअसल, इस जोड़ी ने टी-20 विश्व कप में 7वें विकेट या उससे निचले क्रम में सबसे बड़ी साझेदारी करने का नया रिकॉर्ड बनाया।
सैंटनर और मैककॉन्ची ने मिलकर 47 गेंदों पर 84 रन जोड़े। इस बीच सैंटनर ने 26 गेंदों में 47 रन बनाए। वह अपने अर्धशतक से चूक गए। वहीं, मैककॉन्ची ने 23 गेंदों में नाबाद 31 रन की पारी खेली। इस जोड़ी ने माइकल हसी और स्टीव स्मिथ की जोड़ी का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि इस ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी ने 2010 में बांग्लादेश के खिलाफ 74 रन की साझेदारी की थी।
सैंटनर अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर के तीसरे अर्धशतक से चूक गए। हालांकि, इस बीच उन्होंने अपने 1,000 रन पूरे किए। इस आंकड़े के साथ वह 13वें कीवी बल्लेबाज बन गए। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के अब 132 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 131.74 के स्ट्राइक रेट से 1,021 रन हो गए हैं। सैंटनर के 47 रन अब टी-20 विश्व कप में उनका बल्लेबाजी में सबसे बड़ा स्कोर दर्ज हो गया है।
००

