मेरठ,11 जुलाई (आरएनएस )। परीक्षितगढ़ क्षेत्र के एक युवक और उसके तीन वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घरेलू विवाद के बीच युवक शुक्रवार रात अपनी ससुराल पहुंचा और कथित तौर पर पहले बेटे को जहरीला पदार्थ दिया, इसके बाद स्वयं भी उसका सेवन कर लिया।
दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घरेलू विवाद के बीच हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार परीक्षितगढ़ निवासी 28 वर्षीय कपिल की शादी करीब पांच वर्ष पहले किठौर थाना क्षेत्र के शकरपुर निवासी काजल से हुई थी। दंपती के तीन वर्षीय बेटे लड्डू और एक बेटी है। बताया जा रहा है कि काफी समय से दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। तीन जुलाई को काजल की छोटी बहन की शादी थी, जिसके चलते वह बच्चों के साथ मायके आई हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के दौरान कपिल ने अधिक शराब पी ली थी, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद वह अपने घर लौट गया था।
ससुराल पहुंचा, बेटे को साथ ले गया
शुक्रवार देर रात कपिल अपनी ससुराल पहुंचा और अपने बेटे को साथ ले गया। परिजनों का आरोप है कि कुछ ही देर बाद बच्चा वापस घर पहुंचा, जिसके मुंह से झाग निकल रहे थे। वहीं कुछ दूरी पर कपिल भी अचेत अवस्था में पड़ा मिला। परिजन दोनों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने तीन वर्षीय मासूम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में कपिल को उपचार के लिए भर्ती कराया गया, जहां देर रात उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिता ने पहले बच्चे को कोल्ड ड्रिंक में जहर दिया और फिर खुद भी पी लिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

