मेरठ,11 जुलाई (आरएनएस )। शनिवार की सुबह कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में साइकिल सवार अधेड़ और उसका धेवता ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में जहां अधेड़ मामूली रूप से घायल हुआ। वहीं, बच्चे की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सैनिक विहार ए ब्लॉक निवासी कादिर मजदूरी करता है। कादिर का 10 वर्षीय बेटा अरमान शनिवार की सुबह अपने नाना इकराम के साथ साइकिल के पीछे बैठकर कहीं जा रहा था। बताया जाता है नंगला ताशी चौकी के सामने सरधना की तरफ जा रहे एक ट्रक ने कंकरखेड़ा की ओर यू टर्न लिया। इसी दौरान इकराम की साइकिल ट्रक से टकरा गई। जिसके चलते अधेड़ और उसका धेवता सड़क पर गिर गए।
इसी बीच ट्रक का पहिया अरमान के ऊपर से गुजर गया। हादसे में अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया। बदहवास ट्रक चालक जानसठ निवासी जान मोहम्मद खुद घायल बच्चे को गोदी में लेकर डिवाइन हॉस्पिटल पहुंचा। जहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए सुभारती के लिए रेफर कर दिया गया।
सुभारती हॉस्पिटल में बच्चे की मौत हो गई। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा करने वाले चालक को हिरासत में लेते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

